गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में 10वीं की छात्रा का स्कूल आते-जाते पीछा करके परेशान करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने मां से स्कूल जाने से मना किया तो कारण पूछने पर छात्रा ने आपबीती बताई। छात्रा ने मां को बताया कि दो लड़के उसे परेशान कर रहे हैं और डरा रहे हैं। छात्रा के पिता ने आरोपी की पहचान के लिए 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। इसके बाद उन्होंने पहचान कर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनकी बेटी को एक सप्ताह से परेशान कर रहे हैं। बेटी ने उन्हें बताया कि स्कूल आते-जाते दोनों आरोपी रास्ते में रोककर अश्लील टिप्पणी करते हैं। वह उसके गलत तरीके से टच करते हैं जिससे वह परेशान हो गई। उसने जब विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपी जबरन दोस्ती करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने दोनों तेजाब से चेहरा खराब करने की धमकी देने लगे। ऐसे में उसने स्कूल जाने से मना किया और घर में सहमी हुई रहने लगी और बात करना बंद कर दिया। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों ही नाबालिग हैं। आरोपी नवयुग मार्केट में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।