गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में मेरठ रोड पर गुलधर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह रोडवेज बस की टक्कर लगने से स्कूटी सवार सोनिया (22) पुत्री अशोक कुमार की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को संजयनगर जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचवाया। बस चालक मौके पर बस छोड़कर भाग गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोनिया मेरठ के दौराला के गांव जैसूपुर वफाबत की रहने वाली थीं। मंगलवार सुबह वह नोएडा में अपनी बहन के यहां जा रही थीं। वहां से इंटरव्यू देने के लिए जाना था। सोनिया के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनिया नौकरी की तलाश में थी। पूर्व में वह नोएडा एक्सटेंशन स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वर्तमान में नौकरी की तलाश में थी और इंटरव्यू के लिए जा रही थीं। एसीपी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।