अब किसी भी दुकान से ले सकेंगे राशन
गाजियाबाद। जिले में राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी लागू कर दी गई है। इसका लाभ लाखों राशन कार्ड धारकों को मिलेगा और शहरी क्षेत्र में किसी भी दुकान से मिट्टी का तेल और राशन लिया जा सकेगा। जिला पूर्ति अधिकारी अभिनव सिंह ने बताया कि जिले के सभी अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को जुलाई माह का राशन पांच अगस्त से 10 अगस्त के बीच वितरित किया जाएगा। अंत्योदय धारक तीन लीटर और पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्ड धारक एक लीटर मिट्टी का तेल ले सकेंगे। अगस्त में राशनकार्ड पोर्टेबिलिटी लागू की गई है। इसके तहत कोई भी कार्डधारक शहर की किसी भी दुकान से ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन ले सकेगा। हालांकि शहरी क्षेत्र के कार्ड धारकों को मिट्टी का तेल एवं प्रॉक्सी के माध्यम से राशन अभी संबंधित दुकान से ही प्राप्त होगा। मौजूदा समय में जिले के अंदर करीब ढाई लाख शहरी राशन कार्ड धारक है जो करीब 403 राशन दुकानों से संबद्ध है। अब ये सभी किसी भी राशन दुकान से बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन के बाद राशन ले सकेंगे।