कंप्यूटर साइंस के छात्र दीपक शर्मा को मिला 1.13 करोड़ का पैकेज
गाजियाबाद। मेधावी छात्र दीपक शर्मा ने अब तक का सर्वाधिक वेतन पैकेेज हासिल कर शहर का मान बढ़ाया है। बीटेक कंप्यूटर साइंस अंतिम वर्ष के छात्र दीपक शर्मा का चयन अमेजन कंपनी में 1.13 करोड़ के पैकेज पर हुआ है। अमेजन में उनकी तैनाती आयरलैंड के डबलिन में होगी। दीपक के अलावा संस्थान के 27 छात्रों का चयन 25 लाख सालाना पैकेज पर हुआ है। दीपक से पहले आईएमटी गाजियाबाद के छात्र को 52 लाख सालाना का पैकेज मिला था। कॉलेज के शिक्षकों के मुताबिक दीपक कंप्यूटर साइंस ब्रांच के होनहार विद्यार्थियों में शुमार हैं। सेमेस्टर परीक्षाओं में इस बार उन्हें यूनिवर्सिटी गोल्ड मिलने की संभावना है। महानगर के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में कैंपस प्लेसमेंट के लिए लगातार कंपनियां आ रही है। ऐसे में सर्वाधिक पैकेज पर चयन होने पर संस्थान के बाकी विद्यार्थियों का मनोबल और ऊंचा हुआ है।