14 वीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत, आत्महत्या और हत्या में उलझी पुलिस
इंस्टाग्राम पर मिली पोस्ट, गुड ब्याय जिंदगी से आत्महत्या का मामला लगा
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित आशियाना सोसायटी में मंगलवार रात करीब नौ बजे 14 वीं मंजिल से गिरकर पॉलिटेक्निक के छात्र वरदान शर्मा (18) की मौत हो गई। उसे किसी ने गिरते नहीं देखा। इंस्टाग्राम पर मौत से 12 घंटे पहले की पोस्ट में लिखा था, गुड बाय जिंदगी। पुलिस को मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इससे पुलिस आत्महत्या और हत्या के बीच उलझ गई है।
परिजनों का कहना है कि वह घर से दुकान पर जाने की बात कह गया था फिर गोल्फ लिंक की आशियाना सोसायटी में कैसे पहुंच गया। घर से 35 किमी. दूर सोसायटी में उनका कोई परिचित भी नहीं रहता है। अगर उसे आत्महत्या ही करनी थी तो वह इतनी दूर और अनजान जगह पर क्यों जाता? हापुड़ के आर्यनगर निवासी उसके पिता सुनील शर्मा ने कविनगर थाने में तहरीर देकर कहा कि मामला हत्या का लग रहा है, गहराई से जांच हो तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
सोसायटी में क्यों गया वरदान ?
सुनील शर्मा ने बताया कि वह मंगलवार को उनकी गढ़ रोड स्थित ऑप्टिकल्स की दुकान पर बैठा था। शाम करीब पांच बजे वह दुकान से घर जाने की बात कहकर निकाला था लेकिन घर नहीं पहुंचा। रात करीब साढ़े नौ बजे उनके एक परिचित के जरिये गाजियाबाद की आशियाना सोसायटी में वरदान के साथ हादसा होने की सूचना मिली। उनका कहना है कि सोसायटी में न तो उनका कोई रिश्तेदार रहता है और न ही वरदान का कोई दोस्त। ऐसे में वह वहां क्यों गया और कैसे गिरा। वह हाईटेक इंजीनियरिंग कॉलेज में पॉलिटेक्निक में प्रथम वर्ष का छात्र था।
बगैर पूछताछ के प्रवेश कैसे मिला?
सुनील शर्मा ने सवाल उठाया है कि वरदान को सोसायटी में प्रवेश कैसे मिल गया? हर सोसायटी में गेट पर ही पूछताछ के बाद किसी को अंदर जाने दिया जाता है? क्या उसे किसी ने बुलाया था? पुलिस की जांच में सब साफ हो जाएगा। वह 14 मंजिल तक कैसे पहुंच गया? इसकी भी जांच होनी चाहिए।
आई धड़ाम की आवाज
गार्ड ने सबसे पहले वरदान का शव देखा और उसने पुलिस को सूचना दी। गार्ड ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कुर्सी पर बैठा था। अचानक ऊंचाई से कुछ गिरने की आवाज आई। बाहर आकर देखा तो छात्र का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। उसका मोबाइल फोन उसकी जेब में था जो पूरी तरह टूट गया था।
फुटेज में नजर आया
पुलिस ने सीसीटीवी खंगाली तो वरदान सोसायटी में जाता दिखाई दिया है। वह लिफ्ट से 14वीं मंजिल तक गया और 14वीं मंजिल पर लिफ्ट से निकलता दिखाई दिया है। पुलिस का कहना है कि वरदान सोसायटी में इस तरह से गया जैसे उसका वहां कोई परिचित रहता हो। वरदान सोसायटी में अकेला जाता नजर आया है।
कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि वरदान के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मां की तबीयत बिगड़ी
हापुड़। वरदान शर्मा दो बहनों शिवांगी और सिमरन से छोटा था। दोनों ही बहनें अविवाहित हैं। वरदान की मां दीपा शर्मा मंगलवार को ही अपनी ननद के यहां पंजाब गई हुई थीं। वहां भागवत कथा का कार्यक्रम था। जैसी बेटे के साथ हादसे की खबर सुनी तो वे वापस आईं। बेटे की मौत का पता चलते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। संवाद