मुरादनगर। एसटीएफ की टीम ने वाहन चोरी के मामले में चौदह साल से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश को पटना से गिरफ्तार किया। पकड़ा गया बदमाश पटना में ठेकेदारी कर रहा था। दिल्ली व गाजियाबाद में बदमाश पर दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2010 में बिहार के छपरा का निवासी नगद नारायण सिंह चोरी की गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया गया था, जबकि राजकुमार पांडेय भाग गया था। तभी से राजकुमार फरार चल रहा था। मुरादनगर पुलिस की काफी कोशिश के बाद भी वह पकड़ा नहीं गया। अतिरिक्त पुलस आयुक्त ने बदमाश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। एसटीएफ को यह केस दिया गया। एसटीएफ फील्ड इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अवध नारायण चौधरी व दीपक कुमार को बदमाश को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसआई दीपक कुमार ने बदमाश के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की, पता चला कि वह बिहार के पटना में अपने परिवार के साथ रह रहा है। टीम ने पटना शहर की बुद्धा कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े इनामी बदमाश राजकुमार ने बताया कि उसने स्नातक तक की पढ़ाई की हुई है, वर्ष 2001 से 2005 तक उसने दवाइयों का काम किया, लेकिन वह नहीं चला। इसके बाद वह छपरा निवासी नगद नारायण के साथ दिल्ली आ गया और वाहन चोरी करने लगा। पुलिस ने उसके पास से आधार कार्ड व मोबाइल बरामद किया है।