माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। कौशांबी मेट्रो स्टेशन पर चढऩे के दौरान सीढिय़ों पर एक युवक से मोबाइल लूट लिया गया। मेट्रो स्टेशन परिसर में जाने से पहले पैदल आए बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। पीडि़त कुछ दूर पीछे भागा, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आया। पीडि़त ने कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली के गांधीनगर में सूरज मंडल परिवार केसाथ रहते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि वह रात करीब साढ़े आठ बजे कौशांबी मेट्रो स्टेशन परिसर में जा रहे थे। उन्होंने अपना मोबाइल हाथ में लिया हुआ था। आरोप है कि तभी पीछे से पैदल एक बदमाश आया और उनके हाथ से मोबाइल लूटकर भाग गया। शोर मचाते हुए उन्होंने भी बदमाश का पीछा किया, लेकिन बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कौशांबी थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसएचओ कौशांबी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।