हाउस टैक्स बढ़ाने के विरोध में उतरे व्यापारी संगठन
- संगठनों ने मेयर, नगरायुक्त को भेज ज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। हाउस टैक्स बढ़ाने के विरोध में व्यापारी संगठन भी उतर आए हैं। सराफा एसोसिएशन, राष्ट्रीय व्यापार मंडल ने ज्ञापन भेजकर बढ़ी हुई दर वापस लेने की मांग की है।
सराफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष से भवन कर व जलकर शुल्क 15 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान पारित करने का निर्णय लिया गया है। जो कि मानवीय व नैतिक रूप से निंदनीय व आपत्तिजनक है। विपदा ,महामारी और घोर आर्थिक संकट के इस कठिन दौर में इस प्रकार कर में बढ़ोतरी करना एक शर्मनाक व तुगलकी फरमान होगा। अध्यक्ष नितिन गोयल ने कहा कि निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण चार्ज भी आम जनता पर थोपने का निर्णय लिया गया है जो कि पूरी तरह से अव्यवहारिक व असंवैधानिक है। नवयुग मार्केट में नाले को तुड़वाए 2 वर्ष से अधिक हो चुके हैं किन्तु अभी तक उसके गन्दे पानी की निकासी और ढकने का कार्य पूर्ण नही हुआ है। राष्ट्रीय व्यापार मंडल ने राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल को इसके विरोध में ज्ञापन भेज कर बढ़ी दर वापस लेने की मांग की है। जिलाध्यक्ष बालकिशन गुप्ता का कहना है वह नगर निगम के इस फैलसे का पुरजोर विरोध करते है और प्रस्तव वापस लेने की मांग की।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अशोक भारतीय ने कहा कि टैक्स में बढ़ोतरी प्रस्तावित हैं परंतु इस वैश्विक महामारी के चलते नगर निगम ने किसी टैक्स को माफ नहीं किया है।