सोसायटी में नगर निगम ने कराया सैनिटाइजेशन तो लोगों ने ली राहत की सांस
- शिकायत के एक सप्ताह बाद अधिकारियों ने लिया संज्ञान
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-15 स्थित शिखर एंक्लेव सोसायटी में लगातार बढ़ते संक्रमण के बाद सोसायटी रेजिडेंट्स ने नगर निगम से लेकर सीएम पोर्टल तक पर सैनिटाइजेशन कराए जाने की गुहार लगाई थी। रेजिडेंटंस की शिकायतों के बाद शुक्रवार को सोसायटी का सैनिटाइजेशन करा दिया गया। सैनिटाइजेशन होने के बाद सोसायटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।
सोसायटी निवासी संदीप गुप्ता ने बताया कि 15 अप्रैल से ही वह लोग लगातार नगर निगम द्वारा व्हाटसएप नंबरों पर सैनिटाइजेशन के लिए मांग कर रहे थे। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हो रही थी बृहस्पतिवार को भी उन्होंने नगर आयुक्त से शिकायत की उसके बाद शुक्रवार को सैनिटााइजेशन करने के लिए नगर निगम की टीम को भेजा गया। सोसायटी रेजिडेंट्स ने कहा कि नगर निगम द्वारा फिलहाल पूरी सोसायटी को सैनिटाइज करा दिया गया है।