अगौता पुलिस की हिरासत में जिला बदर अपराधी।
- फोटो : Amar Ujala
बुलंदशहर। अगौता थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर एक जिला बदर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध असलाह भी बरामद किया है। आरोपी को मंगलवार दोपहर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी को कुछ समय पूर्व ही 6 माह के लिए जिला बदर किया गया था।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी कमर कसी हुई है। एक और कुछ समय पूर्व एडीएम वित्त एवं राजस्व ने कुछ अपराधियों को 6 माह के लिए जिला बदर कर दिया था, साथ ही इस अवधि में क्षेत्र में दिखाई देने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी पुलिस को दिए थे। बताया गया कि मंगलवार सुबह अगौता थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक जिला बदर अपराधी क्षेत्र के गांव मालागढ़ में पुलिस प्रशासन को चकमा देकर छिप कर रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने अवैध असलाह भी बरामद किया है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जो भी जिला बदर अपराधी क्षेत्र में आदेश के बावजूद छिप कर रह रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।