बुलंदशहर। अनूपशहर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तीन दिन बाद भी फरार आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। इससे पीड़ित व्यक्ति को जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
तीन दिन पहले अनूपशहर कोतवाली में दिल्ली निवासी बुद्धसेन शर्मा ने तहरीर देकर बताया था कि उनका अपने भाई से ही जमीनी विवाद अनूपशहर न्यायालय में विचाराधीन है। गुरुवार को तारीख करने जाने के दौरान अनिवास नहर से आगे उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने अपने भाई एवं उसके पुत्र पर हमले का आरोप लगाया। अनूपशहर पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और तहरीर के आधार पर आरोपी वीरेंद्र शर्मा पुत्र सागरदत्त शर्मा, सचिन शर्मा एवं जतिन शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा निवासीगण गांव सलामतपुर(अनूपशहर) और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप है कि अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, जिसके चलते पीड़ित को जानमाल का खतरा बना हुआ है। वहीं, अनूपशहर कोतवाली प्रभारी रामसेन सिंह का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।