बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक प्रतिष्ठित परिवार के युवक के साथ युवती ने अश्लील वीडियो चैट की। इसके बाद आरोपी युवती ने उक्त चैट की स्क्रीन वीडियो रिकॉर्ड कर ली। अब आरोपी युवती पीड़ित युवक को वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही है। पीड़ित युवक ने एसपी क्राइम को शिकायती पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक ने बीते दिनों एसपी क्राइम को शिकायती पत्र सौंपा जिसमें उसने बताया कि पिछले दिनों एक अनजान नंबर से अज्ञात युवती की काल आई, जिसे उसने रिसीव कर लिया। शुरुआत में मीठी-मीठी बात की और फिर इसके बाद वीडियो काल पर बात शुरू हो गई। आरोप है कि बीते दिनों युवक के मोबाइल पर सुबह ही उक्त युवती ने वीडियो कॉल की और अश्लील बात शुरू कर दी। युवती ने उक्त वीडियो चैट की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। करीब डेढ़ मिनट की यह काॅल समाप्त होने के कुछ देर बाद युवती ने पिछले वीडियो कॉल की पूरी रिकार्डिंग युवक को भेज दी और कहा कि यदि उसके गूगल एकाउंट में 10 हजार रुपये न डाले तो वह वीडियो सार्वजनिक कर देगी। इसके बाद युवक घबरा गया और उसके आगे गिड़गिड़ाने लगा। युवक ने फोन काट दिया और एसपी क्राइम से पूरे मामले की शिकायत की। साथ ही युवक ने अपनी फेसबुक आईडी पर भी वीडियो को फर्जी बताते हुए पोस्ट की है। उधर युवक ने बताया कि, युवती उसे परेशान कर रही है।
हनीट्रेप के जरिये ब्लैकमेलिंग कर खूब हो रही ठगी
हनीट्रैप के जरिए लोगों से ठगी किए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते कुछ दिनों से यह तरीका शातिर ठगों का पसंदीदा तरीका बन गया है। हाल ही में कुछ दिन पहले खुर्जा निवासी एक युवक के साथ भी इसी तरह वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैक मेलिंग की गई थी। उक्त प्रकरण में भी क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने यह भी आ रहा है कि शातिर ठग ऐसी वारदातों को अंजाम देने के लिए युवतियों को पैसे का लालच देकर वीडियो चैट करवा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी उक्त प्रकरण में मौन साधे हुए हैं
कोट
मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। - कमलेश बहादुर, एसपी क्राइम