समीक्षा बैठक में मौजूद जिलाधिकारी व सीएमओ सहित अन्य अधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
फोटो सहित
----
रेमिडिसिविर की कालाबाजारी रोकेंगे प्रशासन के डमी कस्टमर
- ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर डीएम ने दिए निर्देश
- समीक्षा बैठक के बाद एल-2 अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने शुक्रवार को कोविड कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मैसर्स आईनोक्स एयर प्रोडक्ट प्रा. लिमिटेड के अधिकारियों के साथ जनपद में ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति की समीक्षा की। इसके अलावा जिले में रेमिडिसिविर की कालाबाजारी रोकने के लिए भी प्रशासन ने सख्त जांच के योजना तैयार की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जिले में ऑक्सीजन की उपलब्धता रखी जाए। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए रेमिडिसिविर कारगर दवा है और गंभीर स्थिति में इसका प्रयोग जरूरी हो जाता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की ओर से डमी कस्टमर भेजे जाएंगे और जिस मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा रेमिडिसिविर इंजेक्शन के निर्धारित दर से अधिक चार्ज किया, उसका लाइसेंस निरस्तीकरण करने की कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने सभी इंसीडेन्ट कमाण्डरों व नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित मेडिकल स्टोरों की जांच कर यह कार्यवाही सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान उन्होंने कोविड वैक्सीन की उपलब्धता के बारे में निर्देश दिये कि वैक्सीन का बफर स्टाक बनाकर रखा जाए, जिससे टीकाकरण की श्रृंखला में किसी प्रकार का व्यवधान न हो। इसके अलावा कोरोना संक्रमित से फ़ोन पर सम्पर्क में कंट्रोल रूम की टीम रहें। बैठक के बाद डीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और सीएमओ ने संयुक्त जिला चिकित्सालय में संचालित कोविड एल-2 अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में चल रहे टीकाकरण को भी देखा।
----