तीन अप्रैल को लगेगा निशुल्क किताब कॉपी, ड्रेस एक्सचेंज मेला
- गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन लगाएगा चौथा मेला
- आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिभावकों को मिलेगी राहत
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिभावकों को राहत देने के
लिए गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन निशुल्क किताब-कापी, ड्रेस एक्सचेंज मेला लगाएगा। तीन
व चार अप्रैल को यह मेला शास्त्रीनगर में लगाया जाएगा। इसमें ज्यादा से ज्यादा अभिभावकों
को राहत मिल सकती है। पिछले तीन वर्ष से मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह चौथा
मेला होगा।
गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी ने बताया कि पिछले एक वर्ष से
अभिभावक कोरोना संक्रमण के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। काफी संख्या में ऐसे अभिभावक
हैं जो बच्चों की फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। नौकरी छूटने व अन्य कारणों से बच्चों की
कॉपी-किताब व यूनिफार्म भी नहीं खरीद पा रहे हैं। ऐसे अभिभावकों को राहत देने के लिए
जीपीए लगातार चौथे वर्ष तीन व चार अप्रैल को पूर्णिमा गार्डन अपोजिट राज गैस एजेंसी ,
शास्त्रीनगर में बुक एक्सचेंज मेला लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार यह मेला तीन
चरणों में लगाया जाएगा, जिसमें शास्त्रीनगर, विजय नगर और वैशाली शामिल हैं। पिछले कई
वषों से जीपीए द्वारा आयोजित निःशुल्क किताब -कॉपी, ड्रैस एक्सचेंज मेले से हजारों
अभिभावकों को लाभ मिल चुका है। उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क बुक एक्सचेंज मेले का उद्देश्य
पेड़ों को कटने से बचाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में मदद करना है। साथ ही प्राइवेट स्कूलों
द्वारा हर वर्ष किताब -कॉपी, ड्रेस के नाम पर अभिभावकों से हो रही लूट पर अंकुश लगाना
है। जीपीए के सचिव अनिल सिंह ने कहा कि निःशुल्क बुक एक्सचेंज मेले के माध्य्म से अभिभावकों
को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और अभिभावकों से प्राइवेट स्कूलों द्वारा हो रही लूट से
बचाना है। एसोसिएशन ने सभी अभिभावकों से इस निःशुल्क बुक एक्सचेंज मेले में शामिल होने की
अपील की है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके।