माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर एक स्थित बिजली घर में बृहस्पतिवार दोपहर को अचानक घास और पत्तियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। बिजली कर्मियों ने सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया। इससे कुछ देर के लिए बिजली बाधित रही। वहीं ज्ञानखंड स्थित एक पार्क में भी आग लग गई। दमकल की एक गाड़ी पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से कोई हताहत नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वैशाली सेक्टर एक स्थित बिजली घर में तार से निकली चिंगारी घास और पत्तियों में पड़ गई। इससे वहां पर आग लग गई। तेज हवा होने के कारण आग आसपास के सूखी घास तक पहुंच गई। जानकारी मिलते ही बिजली कर्मियों ने आनन फानन सप्लाई काटकर पानी से आग बुझाने में जुट गए। हालांकि आग ट्रांसफार्मर तक नहीं पहुंची वरना बड़ा नुकसान हो जाता। ट्रांसमिशन के एई अमरदीप ने बताया कि स्पार्किंग की वजह से घास में आग लगी थी। पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस दौरान एक लाइन में फॉल्ट आया था। जिसे १५ मिनट में ठीक कर लाइन को सुचारु कर दिया गया। जिससे लोगों को ज्यादा देर तक दिक्कतों का सामाना नहीं करना पड़ा। वहीं इंदिरापुरम के ज्ञानखंड स्थित ग्रीन बेल्ट पर पार्क में घास में आग लग गई थी। दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दोनों जगह आग लगने कोई हताहत नहीं हुआ है।