बुलंदशहर। एसपी क्राइम के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराने के लिए 156(3) सीआरपीसी के तहत याचिका दायर की गई है। इसमें पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि कपड़ों पर सही प्रेस न करने की बात कहते हुए एसपी क्राइम द्वारा उसके साथ मारपीट करते हुए धमकी दी गई।
सीजेएम न्यायालय में दायर याचिका में मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी शंकर पुत्र लख्मीचंद ने बताया है कि वह पुलिस लाइन में बतौर धोबी के पद पर तैनात है। 19 मार्च को एसपी क्राइम ने उसे अपने घर में कपड़ों पर प्रेस करने के लिए बुलाया। उसने वहां पहुंचकर प्रेस की तो एसपी क्राइम ने एक कमीज पर सही प्रेस न होने की बात कहते हुए उसके साथ लात-घूंसों से बुरी तरह मारपीट की। उसे अपने हमराहों के सामने भी पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में एसएसपी को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एसपी क्राइम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व बार अध्यक्ष ने एसपी क्राइम को भेजा नोटिस
अधिवक्ताओं को अपशब्द कहने के मामले में पूर्व बार अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह राघव ने एसपी क्राइम को कानूनी नोटिस भेजा है। पूर्व बार अध्यक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार राघव द्वारा भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि 10 फरवरी 2021 को एसपी क्राइम द्वारा अधिवक्ताओं के बारे में गलत टिप्पणी की गई। इसको लेकर अधिवक्ताओं को काफी ठेस पहुंची है। एसपी क्राइम द्वारा अपमानित भाषा का प्रयोग कर धारा-499/500 आईपीसी के तहत अपराध किया गया है। नोटिस में एसपी क्राइम को अपना व्यवहार एवं आचरण सुधारने अन्यथा न्यायालय में वाद दायर करने की बात कही गई है।