शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में पिछड़ रहा है कोरोना टीकाकरण
- लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर सहित अन्य गांवों में 20 फीसदी हुआ टीकाकरण
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में शहर के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना टीकाकरण पिछड़ रहा है। टीकाकरण के तीसरे चरण में मोदीनगर, मुरादनगर, भोजपुर, लोनी सहित अन्य गांवों में 20 फीसद ही टीकाकरण हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग टीकाकरण के प्रति जागरूक नहीं हैं। इन क्षेत्रों में लोगों को जागरूकर करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
एक मार्च से कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण जिले में शुरू किया गया। इसमें 60 साल से अधिक उम्र के लोग और 45 साल से अधिक गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को शामिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग को तीन माह के भीतर तीसरे चरण का टीकाकरण पूरा करना है। इसके लिए मार्च माह में 93,480 लाभार्थियों का वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 24518 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई गई है। माह के शेष 18 दिनों में 68482 लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जानी है। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण बढ़ाने के लिए लोगों का जागरूक किया जा रहा है। इसमें प्रशासन की भी सहायता ली जा रही है। आशा कार्यकर्ताओं को भी लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गयी है।
----