बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक बिजनेसमैन से दो लोगों ने अत्याधुनिक प्लांट बेचने का झांसा देकर 29.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये लेने के बाद आरोपियों द्वारा निम्न क्षमता का प्लांट बेच दिया गया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उनसे गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर के चांदपुर रोड निवासी डा.अजय कुमार गोयल पुत्र रामशरण ने एसएसपी से मिलकर बताया कि वह तेजरिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। उनके द्वारा कानपुर के थाना किदवई नगर के किदवई नगर निवासी संदीप खन्ना और नोएडा के सेक्टर-88 स्थित गुरू नानक प्रा.लि. के डायरेक्टर सरदार मनजीत सिंह से नगर क्षेत्र में एक अत्याधुनिक प्लांट खरीदने के लिए बातचीत हुई थी। इन लोगों द्वारा उन्हें उच्च क्षमता का अत्याधुनिक प्लांट बेचने का झांसा दिया गया और उनसे 29.50 लाख रुपये ले लिए गए। प्लांट खरीदने के बाद उन्हें पता चला कि प्लांट की क्षमता निम्न है। ठगी का पता चलने पर उनके द्वारा दोनों आरोपियों से धनराशि वापस मांगी गई, लेकिन आरोपियों द्वारा उनसे गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। एसएसपी ने नगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।