बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने लाखों रुपये उधार लेकर अब वापस करने से इंकार कर दिया। तकादा करने पर फर्जी चेक देकर गुमराह किया गया और मारपीट कर हत्या की धमकी दी गई। नगर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के रेसकोर्स कालोनी निवासी गोपाल माहेश्वरी पुत्र नंद किशोर ने नगर कोतवाली में एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी आरोपी नरेश वर्मा, अंकुर वर्मा व अंकित वर्मा उससे छह लाख रुपये उधार लिए गए थे। निर्धारित अवधि के बाद उसके द्वारा उधार रुपयों का तकादा किया गया, जिस पर आरोपी उसे आश्वासन देते रहे। बाद में आरोपियों द्वारा एक फर्जी चेक दे दिया। इसका पता चलने पर उसने विरोध जताते हुए रुपये वापस देने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपियों द्वारा रुपयों का तकादा करने पर पीड़ित से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।