बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शेखसराय निवासी एक युवक से शादी कराने के नाम पर एक लाख रुपये हड़प लिए गए। युवक ने ठगी का पता चलने पर आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित युवक ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला शेखसराय निवासी दीपक कुमार शर्मा ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह अविवाहित है। एक व्यक्ति द्वारा उसे कुछ समय पूर्व शादी कराने का झांसा दिया गया। शादी कराने में कुछ खर्चा आने की बात कही गई। आरोपी व्यक्ति की बातों में आकर उसके द्वारा उसे एक लाख रुपये दे दिए गए। इसके बाद आरोपी व्यक्ति द्वारा उसकी शादी भी नहीं कराई गई और न ही उसके रुपये लौटाए गए। जब उसने रुपये वापस मांगे तो उसे हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित युवक ने नगर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई जाएगी।