बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति से उसका परिचित कार मांगकर ले गया और तीन माह बाद भी वापस नहीं की। कार मांगने पर आरोपी द्वारा पीड़ित से अभद्रता भी की गई। मामले में नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में मोहल्ला प्रेमनगर निवासी कमल गर्ग ने तहरीर देकर बताया कि करीब तीन माह पहले मोहल्ला राधानगर निवासी विपिन गुप्ता उनसे कार मांगकर ले गया था। उनके द्वारा लगातार कार वापस करने के लिए कहा गया, लेकिन आरोपी ने उनकी कार वापस नहीं की। कार की कहने पर उनसे अभद्रता भी की गई। तीन माह बाद भी कार वापस न किए जाने पर उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने पर मजबूर होना पड़ा है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आरोपी विपिन गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।