बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र के धमेड़ा अड्डे पर परचून की दुकान से सिगरेट की डिब्बी चोरी करने पर बवाल हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ मारपीट में बदल गया। इस दौरान आरोपी पक्ष ने गोली चला दी जिसमे एक गोली दुकान संचालक को लग गई । जबकि, लाठी डंडों से हुए हमले में महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गोली चलाने वाले सहित तीन को गिरफ्तार कर तमंचा-कारतूस बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार धमेड़ा अड्डे पर सिराजुद्दीन की परचून की दुकान है। सोमवर शाम नमाज पढ़ने के लिए वह दुकान पर पांच साल की बेटी को बैठा कर निकला था। आरोप है कि, इसी दौरान पड़ोसी युवक मोहनिश आया और सिगरेट की डिब्बी चोरी कर ले गया। मंगलवार सुबह बेटी ने राजुद्दीन को सिगरेट चोरी होने की बात बताई तो उसने शो केश में लगी सिगरेट की डिब्बी गिनी, जिसमें एक कम मिली। सिगरेट चोरी की शिकायत लेकर वह रिजवान के घर पहुंचा और मोहनीश की करतूत बताई। इस बात पर रिजवान पक्ष ने झगड़ा शुरू कर दिया। गाली गलौच से शुरू हुआ विवाद लाठी डंडों से मारपीट में बदल गया। रिजवान पक्ष की ओर से भाई दानिश, जुबेर व मोहनिश सहित अन्यों ने लाठी-डंडो से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच रिजवान ने तमंचे से गोली चला दी। गोली सिराजुद्दीन के कुल्हे में जा लगी, जिससे वह जख्मी हो गया। जबकि उनकी पत्नी नाजमीन, भाई सरफराज व सैमुद्दीन घायल हो गए। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया। इंस्पेक्टर अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि सिराजुद्दीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि अन्यों का उपचार यहीं चल रहा है। मामले में सिराजुद्दीन की तहरीर पर आरोपी रिजवान, दानिश, जुबेर और मोहनिश को नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इनमे से रिजवान व जुबेर सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है, बाकि की तलाश की जा रही है। इनके कब्जे से तमंचा-कारतूस भी बरामद हो गया है।