एसएसपी को सम्मानित करते मैढ़ क्षत्रिय समाज के लोग।
- फोटो : Amar Ujala
बुलंदशहर। जिले में घटित लूट, हत्या, अपहरण जैसे गंभीर अपराधों के सफल खुलासे पर मैढ़ क्षत्रिय-स्वर्णकार समाज के पदाधिकारियों ने एसएसपी को शॉल, पगड़ी, शील्ड और शुभ वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
सोमवार को मैढ़ क्षत्रिय-स्वर्णकार समाज की ओर से भूड क्षेत्र स्थित एक मैरिज होम में सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मैढ़ क्षत्रिय-स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय महासचिव दुलीचंद सोनी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सजन लावट, राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष अभिनव वर्मा, संरक्षक अजय कुमार वर्मा आदि द्वारा बीते दिनों जनपद में घटित सनसनीखेज घटनाएं जैसे थाना शिकारपुर व ककोड़ क्षेत्रान्तर्गत सर्राफ व्यापारियों से आभूषण की लूट, नरौरा क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी की हत्या, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में टाइल्स व्यापारी के पुत्र का अपहरण आदि के खुलासे पर एसएसपी की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि एसएसपी के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा गंभीर आपराधिक घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए शातिर बदमाशों को लूटी गई ज्वैलरी, अपह्रत की सकुशल बरामदगी आदि कार्य हुए हें। जिला पुलिस की सक्रियता से व्यापारी वर्ग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। इसके पश्चात पदाधिकारियों द्वारा एसएसपी को शॉल, पगड़ी, शील्ड एवं शुभ-वस्त्र आदि भेंट कर सम्मानित किया गया।