फेसबुक लाइव पर नगर आयुक्त से शिकायत,निरीक्षण को पहुंचे अधिकारी
- संजय नगर में नाले की गंदगी को लेकर की थी शिकायत
- अधिकारियों ने दस दिन का शिकायतकर्ता को दिया समय
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद।नगर आयुक्त को फेसबुक लाइव पर मिल रही शिकायतों का अब असर देखने को मिलना शुरू हो गया है। सोमवार को अर्थला की संजय कालोनी में मोहन नगर जोन प्रभारी, चीफ इंजीनियर और अन्य अधिकारी नाले का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां अधिकारियों ने गंदगी और पानी का फ्लो न होने का कारण जांचा। इस बीच शिकायकर्ता को दस दिन में समाधान कराने का भरोसा भी दिया गया।
अर्थला में रहने वाले शिकायकर्ता दीपक राघव ने बताया कि नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को उन्होंने पिछले दिनों फेसबुक लाइव पर कालोनी के नाले गंदगी से पटे होने की शिकायत की थी। जिस वजह से खामियाजा आमजन को बरसात के समय में भुगतना पड़ता है। आरोप है कि वर्षों से नाले में गंदगी की सफाई न होने से वहां कूड़े का ढेर हो गया है। इस कारण नाले का पानी आगे फ्लो भी नहीं हो पाता। जिस वजह से संजय कालोनी में मुख्य रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इस पर स्थानीय लोगों ने कई बार निगम अधिकारियों से शिकायत की थी। मगर कार्रवाई न होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी। इससे लोगों में निगम अधिकारियों के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। दीपक राघव ने मामले की शिकायत नगर आयुक्त से की। इसके बाद उनका दावा है कि नगर आयुक्त ने शिकायत का संज्ञान लेकर अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देशित किया। जिसके मद्देनजर संजय कालोनी में मोहन नगर जोन प्रभारी एसके गौतम, जेई संजय गंगवार, सफाई नायक, सफाई इंस्पेक्टर और एक्सईएन मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। करीब पौने घंटे तक अधिकारियों ने मौके पर रुक कर ही सफाई की रूपरेखा तैयार की। जोन प्रभारी एसके गौतम ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर नाले की सफाई के लिए टीम बना दी गई है। मंगलवार से ही वहां काम शुरू हो जाएगा।
-----------------------------------
सुमित कुमार