- पीडि़ता ने आरोपी जेठ व अन्य ससुरालीजनों पर लगाया हत्या की कोशिश का आरोप
- आरोप शादी के बाद से ही आरोपी ससुरालीजन दहेज के लिए कर रहे थे प्रताडि़त
बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ उसके जेठ के द्वारा नशीला पदार्थ दूध में मिलाकर पिलाया गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पीडि़ता ने मामले में ससुरालीजनों पर दहेज की खातिर उत्पीडऩ करने और गला दबाकर हत्या की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। देहात कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने देहात कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि उसका विवाह गत वर्ष देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक आशीष के साथ हुआ था। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, आरोपी ससुरालीजन दहेज से खुश नहीं और दहेज में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीडि़ता का उत्पीडऩ किया जा रहा था। आरोप है कि काफी समय से उसका जेठ उसके साथ छेड़छाड़ भी करता था, लेकिन, बीते दिनों आरोपी जेठ ने उसे दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। होश में आने पर पीडि़ता ने जब इस बाबत विरोध किया तो आरोपी जेठ व अन्य ससुरालीजनों ने पीडि़ता के साथ जमकर मारपीट की। साथ ही उसका गला दबाकर हत्या की कोशिश की। बाद में आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में ही रह रही है। देहात कोतवाल विवेक शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पति, जेठ, सास, ससुर व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।