गौतमबुद्धनगर के दादरी थाना क्षेत्र में हुई एक डकैती के मामले में वाँछि 25 हजार का इनामी पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : Amar Ujala
बुलंदशहर। एसओजी टीम ने गौतमबुद्धनगर जनपद से डकैती की एक घटना में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के एक इनामी बदमाश को धर दबोचा है। जिसके पास से अवैध असलाह बरामद कर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसओजी प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि शनिवार सुबह टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी क्षेत्र में डकैती की एक घटना में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी इमरान निवासी मोहल्ला खीरखानी थाना खुर्जा नगर परम डेरी के पास मौजूद है। साथ ही वह कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। जहां से आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन, टीम ने आरोपी को कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर दबोच लिया। दादरी में वर्ष 2020 में हुई डकैती के मामले में नोएडा पुलिस लगातार खाक छान रही थी। गिरफ्तारी न होने पर उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका था। जिसे एसओजी टीम ने गिरफ्तार कर अवैध असलाह भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।