बुलंदशहर। तीन दिन पहले नरौरा टोल टैक्स पर अधिवक्ता की गाड़ी का फास्टैग स्कैन न होने पर उनके साथ अभद्रता की गई। टोलकर्मियों ने गाली-गलोच करते हुए हत्या करने की धमकी देते हुए दो गुना टैक्स वसूल कर लिया। शनिवार को अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल एसएसपी से मिला और कार्रवाई की मांग की है।
नगर की प्रीत कालोनी निवासी अधिवक्ता रोहित कुमार शर्मा ने शनिवार को अन्य अधिवक्ताओं के साथ एसएसपी के पास पहुंच कर मुलाक़ात की। बताया कि, 23 फरवरी की रात वह बाहर से आ रहे थे। नरौरा टोल टैक्स पर जब उनकी गाड़ी पहुंची तो उनकी गाड़ी का फास्टैग स्कैन नहीं हुआ। इस पर टोलकर्मियों ने दो गुना टैक्स मांगा तो उन्होंने अपने अधिवक्ता होने का परिचय दिया, लेकिन उन्होंने एक न सुनी और अभद्रता करते हुए हत्या तक करने की धमकी दी। साथ ही दोगुना टोल लेकर पर्ची पर गलत गाड़ी नंबर डाल दिया। एसएसपी से टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता अनुज चौधरी, पुष्पेंद्र चौधरी, राकेश कुमार, उपेंद्र कुमार, नौशाद अली, कासिम खां आदि मौजूद रहे।