बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने एक घर में घुसकर परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए एक किशोरी से छेड़छाड़ भी की। विरोध करने पर व शोर मचाने पर अन्य लोगों को आता हुआ देख आरोपी हत्या की धमकी देकर भाग निकले। देहात कोतवाली पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीडि़त व्यक्ति ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि बीती रात गांव के पांच नामजद आरोपी उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने लाठी-डंडे एवं अन्य हथियारों से उस पर व उसके परिवारीजनों के साथ बुरी तरह मारपीट की। गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसकी 13 वर्षीय भांजी के साथ छेड़छाड़ भी की। शोर-शराबा होने पर लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली देहात पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी सादिम, फरान और रिजवान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली देहात प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।