खुर्जा नगर पुलिस द्वारा पकड़े गए कैंटरों से माल चोरी करने वाले गैंग के सदस्य।
- फोटो : Amar Ujala
- खुर्जा नगर पुलिस ने छह आरोपियों को दबोच कर किया राजफाश
- आरोपियों के पास से ४९ लैपटॉप, कपड़े और अवैध हथियार किए बरामद
बुलंदशहर। खुर्जा नगर पुलिस ने कैंटर से माल चोरी कर बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के छह शातिरों को गिरफ्तार कर राजफाश किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये कीमत के लैपटॉप, कपड़े, अवैध असलाह और एक कार बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 22 फरवरी को थाना खुर्जा नगर में कैंटर चालक दीपक कुमार ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। बताया था कि वह फ्लिपकार्ट कंपनी का चालक है, जबकि भानूप्रताप एक ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत है। 22 फरवरी को दोनों झज्जर से माल लेकर कोलकाता के लिए निकले थे। खुर्जा बाइपास पर ढाबे पर खाना खाने को रूके तो कैंटर से तीन कार्टून गायब हो गए। एसएसपी ने बताया कि, इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार त्यागी ने शक होने पर जब आरोपी दीपक और भानू प्रताप से पूछताछ की तो आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ४९ लैपटाप, २९ जींस तथा २३ बेडशीट बरामद करवा दी। यह सारा माल टैक्सी में लदा था और इनके कब्जे से डाई व तमंचा-कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने गिरोह में शामिल विक्की निवासी गड्डा कालोनी फरीदाबाद, रूदेस कुमार निवासी नंगला फरीदपुर एटा, सोहित निवासी पटेलनगर वल्लभगढ़ हरियाणा तथा श्यामवीर निवासी मभाना शाहजहांपुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि भानूप्रताप गांव भैंसरोली थाना सलेमपुर व दीपक शाहवाजपुर थाना कोतवाली देहात बुलंदशहर का रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।