पसौंडा और भोपुरा में विरोध के बीच नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण
- पसौंडा में नाली निर्माण के बीच अतिक्रमण से हो रही थी दिक्कत
- भोपुरा में सर्विस लेन पर अतिक्रमण हटवाकर रास्ता चौड़ीकरण किया
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। मोहन नगर जोन के पसौंडा और भोपुरा में नगर निगम की टीम ने बुधवार को लोगों के विरोध के बीच करीब ढाई घंटे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस बीच टीला मोड़ पुलिस ने विरोध करने वालों को एक तरफ हटाकर कार्रवाई चालू कराई। पसौंडा में ईदगाह रोड पर नाली के ऊपर कई मकानों की दीवार होने के कारण निर्माण आगे नहीं हो पा रहा था। वहीं भोपुरा में सर्विस रोड पर अतिक्रमण की लगातार शिकायत मिली थी। अधिकारियों ने दुकानदार व अन्य लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी है।
जोनल प्रभारी शिवकुमार गौतम ने बताया कि पसौंडा में ईदगाह रोड पर पिछले कई दिनों से नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन कुछ प्वाइंट पर लोगों ने मकान की दीवार और सीढियां बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। जिस वजह से नाली का निर्माण आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अधिकारियों ने कई बार लोगों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। मगर ऐसा न होने पर बुधवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की दीवार को हटा दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस बीच कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, मगर टीला मोड़ थाना पुलिस ने विरोध करने वालों को एक तरफ हटाकर कार्रवाई को सुचारू रखा। इसके बाद टीम भोपुरा में लाल गेट पर पहुंची। वहां फर्नीचर मार्केट के दुकानदारों ने सर्विस रोड पर सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ था। यहां भी नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने का लोगों को समय दिया गया था। लेकिन बुधवार को मौके पर अतिक्रमण मिलने पर टीम ने जेसीबी की मदद से इसे हटाने की कार्रवाई की। जो भोपुरा से भोपुरा गेट के पास बीकानेर तक चली। जोन प्रभारी ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी है। इस दौरान सहायक अभियंता अनिल त्यागी, अवर अभियंता संजय गंगवार, टीला मोड़ थाना प्रभारी रणसिंह आदि मौजूद रहे।
----------------------
सुमित कुमार