माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिला जेल में दिव्य योग कर्म फाउंडेशन की ओर से दो दिवसीय योग शिविर डासना स्थित जिला जेल में शुरू किया गया है। शिविर में ऋषिकेश के योग निकेतन आश्रम के आचार्य नीरज योगी ने बंदियों को योग की जानकारी दी। इस मौके पर आचार्य नीरज ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य की समुचित शारीरिक, भौतिक, मानसिक, बौद्धिक व आध्यात्मिक प्रगति उसकी चेतना के विस्तार से ही संभव है। चेतना विकसित होने से हमारे निर्णय श्रेष्ठ व कल्याणकारी होंगे। इसलिए योग के माध्यम से चैतन्य बनें। फाउंडेशन के संस्थापक पूर्व डीएसपी मोहर सिंह, संस्था की अध्यक्ष रचना सिंह ने बंदियों को योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। शिविर में जेल अधीक्षक आलोक सिंह, जेलर आनंद शुक्ला के अलावा जेल के अन्य स्टाफ सहित करीब साढ़े चार सौ बंदियों ने योग का लाभ उठाया।