बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ उसके नंदोई ने छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने पर उससे मारपीट कर धमकी दी गई। पीड़िता ने ससुरालीजनों पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित विवाहिता ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी हापुड़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नगद की मांग कर रहे थे। मांगें पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। कई बार मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों को समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। आरोप है कि बीते दिनों ससुराल में उसको अकेले देखकर वहां पहुंचे नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। उसके विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में उसने ससुरालीजनों से शिकायत की तो उस पर ही आरोप लगाते हुए मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पति, नंदोई, ननद, जेठ समेत सात ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।