- पीड़िता ने पड़ोसियों पर लगाया पति पर जानलेवा हमले का आरोप
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी दबंगों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। मामले में शिकायत के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। वहीं, अब पीड़िता पक्ष ने एसएसपी को शिकायती पत्र और सीसीटीवी में कैद हुई वारदात की वीडियो की सीडी भेजी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के झाझर मोड़ निवासी महिला आशा ने एसएसपी को पत्र भेजकर बताया कि पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र उनसे रंजिश मानते हैं। गत ११ फरवरी की शाम करीब आठ बजे आरोपी पिता-पुत्र हाथ में लाठी-डंडे आदि लेकर पीड़िता के घर में घुस आए। जहां आरेापियों ने पीडि़ता के पति के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पति पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता ने बताया कि इस बाबत उसने थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, पीड़िता ने अब एसएसपी से गुहार लगाई है। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।