बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवक पर दबंगों ने रंगदारी न देने और मुकदमे वापस न लेने पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें युवक के रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही आरोपी पीड़ित को झूठे एससी एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबियान निकट बुर्ज पुलिस चौकी निवासी गौरव चौधरी पुत्र बलवंत सिंह ने शुक्रवार को एसएसपी को एक शिकायती पत्र भेजा। जिसमें उसने बताया कि उसका नगर पालिका खुर्जा के दो जेई और एक अधिकारी से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। जिस पर लगातार तारीखें और सुनवाई चल रही हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार को पीड़ित अपने घर पर ही मौजूद था। इस दौरान नगरपालिका का एक जेई और उक्त आरोपी ऑफिसर दो अज्ञात आरोपियों के साथ उसके घर पर पहुंच गए। जहां उन्होंने पीड़ित की दुकान और मकान के फोटो खींचने शुरू कर दिए। पीड़ित ने जब इस बाबत विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। गौरव के रीढ़ की हड्डी में भी फ्रैक्चर आया है। शोर शराबा होने पर लोगों को आता हुआ देख आरोपी उसे मुकदमा वापस न लेने और 20 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी न देने पर मकान और दुकान को अवैध निर्माण बताकर गिरा देने की धमकी देते हुए चले गए। साथ ही आरोपियों ने पीड़ित को एससी एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।