एक वर्ष से साफ नहीं हुई नालियां, पार्षद काट रहे चक्कर
- वैभवखंड में नालियां साफ करने को टेंडर होने के बावजूद आज तक नहीं हुई सफाई
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वैभव खंड वार्ड 99 में टेंडर होने के बावजूद पिछले एक वर्ष से नालियां साफ नहीं हो सकी हैं। इसके लिए कई बार स्थानीय पार्ष पत्राचार भी कर चुके हैं बावजूद इसके अब तक कोई हल नहीं निकल सका है। पिछले सप्ताह भी पार्षद जीडीए ऑफिस जाकर मामले की शिकायत की और जल्द से जल्द जाम नाले को साफ करने की मांग की लेकिन एक सप्ताह गुजरने के बावजूद काम नहीं हो सका है।
वार्ड के पार्षद अभिनव जैन का कहना है कि जीडीए इसके नगर निगम को हैंडओवर कर नहीं रहा है और स्वयं कोई काम भी नहीं करा रहा। पार्षद का कहना है कि इंदिरापुरम के लोग दूसरे इलाके के मुकाबले सबसे अधिक टैक्स जमा करने हैं बावजूद सुविधाओं के नाम पर इन्हें कुछ नहीं मिलता। इंदिरापुरम जैसे पॉश इलाके में टूटी सड़क और जाम नाले की समस्या आम बात है। पार्षद का कहना है कि यदि जीडीए काम नहीं करा सकता तो यह भी स्पष्ट कर दे लेकिन स्पष्ट भी नहीं कर रहा और काम कराने के लिए उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।