- बीते दिनों एक स्कूटी सवार ने मारी थी टक्कर, परिजनों में कोहराम
- नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज की एफआईआर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों स्कूटी की टक्कर से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद के थाना मंसूरी निवासी सरला देवी ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों उसके पति राजेंद्र प्रकाश किसी काम से बुलंदशहर गए थे। एक जनवरी 2021 को बुलंदशहर नगर क्षेत्र में मोतीबाग के निकट उनके पति को स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके पति राजेंद्र बुरी तरह से घायल हो गए। घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पीड़िता ने स्कूटी नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चालक का पता लगाकर कार्रवाई की गुहार लगाई। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। स्कूटी नंबर की
जांच कर आरोपी चालक का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।