बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता पर उसके ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हमला कर दिया। साथ ही आरोपियों ने उसे घर से भी निकाल दिया। पीडि़ता अब अपने मायके में रह रही है। नगर कोतवाली पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधानगर निवासी अंजलि शर्मा ने तहरीर देकर नगर कोतवाली पुलिस को बताया कि उसका विवाह गत वर्ष हरियाणा के जिला गुरुग्राम स्थित थाना सेक्टर पांच के दयानंद कालोनी निवासी युवक गौरव शर्मा के साथ हुआ था। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन, ससुरालीजन उक्त दहेज से खुश नहीं थे। वह दहेज में कार व नगदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीडि़ता का उत्पीडऩ किया जा रहा था। आरोप है कि मायके पक्ष के समझाने के बावजूद आरोपी अपनी मांगो पर डटे रहे। साथ ही आरोपियों ने गत दो फरवरी को पीडि़ता के साथ जमकर मारपीट की और घायल कर घर से निकाल दिया। पीडि़ता तब से अपने मायके में ही रह रही है। वहीं, आरोपी उसे फोन पर हत्या की धमकी दे रहे थे। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पति गौरव, ससुर सुभाष, सास भगवती, बबली और चिंटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।