बुलंदशहर। डिबाई के कसेरकलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना वैक्सीन की सुरक्षा में कोल्ड चेन पर तैनात सिपाही की इंसास राइफल को चोरी हुए 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन, पुलिस की टीमें न आरोपी को और न ही राइफल को बरामद कर सकी हैं। मेडिकल जांच में सिपाही शराब के नशे में पाया गया। एसएसपी ने तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी सिपाही और उसके साथी के लिए खिलाफ डिबाई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि गत 31 जनवरी को पुलिस लाइन से कोरोना वैक्सीन की सुरक्षा में सिपाही सतेंद्र कुमार, सरशाद खान और अनुज कुमार की ड्यूटी डिबाई के कसेरकलां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए कोल्ड चेन पर लगाई गई थी। लेकिन सिपाही अनुज गैर हाजिर हो गया। वह तीन फरवरी को ड्यूटी पर पहुंचा और अपने साथ एक बाहरी व्यक्ति को भी ले गया था। जो कि उसके मामा का बेटा बताया जा रहा है। आरोपी अनुज और सरशाद पर सरकारी इंसास राइफल थी। बताया गया कि उन्होंने अपनी राइफल को अपने रहने वाले स्थल पर रखा हुआ था। बृहस्पतिवार को चिकित्सक ने पुलिसकर्मियों से कोरोना वैक्सीन के संबंध में कहीं ड्य़ूटी पर साथ चलने के लिए कहा था। जिसके बाद तीनों सिपाही तैयार हो गए। लेकिन, इस दौरान सिपाही अनुज की राइफल गायब थी। काफी ढ़ूंढने के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद उसने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और अनुज से भी पूछताछ की। वहीं, पुलिस ने मामले में आरोपी सिपाही अनुज और उसके मामा के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही लापरवाही बरतने व अनुशासनहीनता के चलते एसएसपी ने उक्त तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। चोरी की वारदात को 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन, न राइफल बरामद हुई है और न ही आरोपी सिपाही के ममेरे भाई का कोई सुराग लगा है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जल्द ही राइफल भी बरामद कर ली जाएगी। तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।