जिले में फिर चलेगा मिशन इंद्रधनुष अभियान
- दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सात बीमारियों से होगी रक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में 23 फरवरी से मिशन इंद्रधनुष अभियान चलेगा। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि आईएमई-3.0 के लिए शासन से गाइड लाइन मिल गई है। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह को निर्देश दे दिया गया है। शासन से मिली गाइडलाइन के मुताबिक प्रथम चरण में 23 फरवरी के अलावा एक और 2 मार्च को टीकाकरण किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि जनपद में आईएमआई-3.0 का द्वितीय चरण 23 मार्च, 05 अप्रैल और 06 अप्रैल को चलाया जाएगा। अभियान से पहले 8 फरवरी को जनपद स्तरीय संवेदीकरण और फिर 9 और 10 फरवरी को ब्लॉक स्तरीय अभिमुखीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया इसके बाद 11 से 16 फरवरी आशा कार्यकर्ताओं द्वारा हेड काउंट सर्वे कर लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी और फिर 17 से 19 फरवरी तक माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा। माइक्रो प्लान और लाभार्थियों की सूची की समीक्षा 20 फरवरी को राज्य स्तर पर की जाएगी। मिशन निदेशक के आदेश की प्रति संबंधित जिलाधिकारियों और अपर निदेशक (स्वास्थ्य) को भी भेजी गई है।
अभियान में बच्चों को सात बीमारियों से बचाव के लिए लगेंगे टीके
डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान में शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मिजल्स, विटाविन-ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मिजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती महिलाओं को टिटनेस के टीके भी लगाए जाएंगे।
--------
आशुतोष यादव