अहार/बुलंदशहर। अनूपशहर थाना क्षेत्र में 14 दिसंबर को बैंक मित्र से लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश दिनेश निवासी भगवंतपुर को अहार पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध असलाह और लूट की नगदी बरामद की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उसे दो साथी पूर्व में जेल जा चुके हैं, जबकि एक अभी भी फरार चल रहा है। अहार थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि रविवार देर रात वह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान चरौरा नहर पुल के निकट एक पैदल आदमी को रूकने का इशारा किया। लेकिन, आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जिसकी शिनाख्त दिनेश निवासी भगवंतपुर थाना अहार के रूप में हुई। आरोपी ने 14 दिसंबर को अनूपशहर थाना क्षेत्र में गांव लोधई में बैंक मित्र से अपने तीन अन्य साथियों की मदद से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने 16 दिसंबर को आरोपी सोनू और रौकी को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया था। मामले में आरोपी दिनेश व एक अन्य फरार चल रहा था। इन दोनों पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा और लूट की रकम के एक हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।