नरौरा/बुलंदशहर। दिल्ली-बदायूं हाईवे पर गांव रतनपुर व खेडिय़ा के बीच सोमवार सुबह ग्रेटर नोएडा डिपो की रोडवेज बस और सीमेंट से भरे ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक व एक कार भी चपेट में आ गई। दुर्घटना में लगभग दर्जन भर यात्री घायल हुए हैं। जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार नरौरा थाना क्षेत्र में हाईवे पर गांव रतनपुर व खेडिय़ा के बीच सोमवार को सुबह करीब पौने आठ बजे बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही ग्रेटर नोएडा डिपो की रोडवेज बस व सीमेंट से भरे ट्रक की आमने समाने से टक्कर हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार व एक बाइक भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख पुकार और हादसे की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को सूचना देकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी डिबाई पहुंचाया। हालांकि, रोडवजे बस चालक संजय कुमार पुत्र भानुप्रताप सिंह निवासी गांव जमराऊ थाना जहांगीराबाद अपनी सीट पर घायल अवस्था में फंसा रह गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बस से निकाला जा सका और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, तब तक चालक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
यह लोग हुए हैं घायल
हादसे में देवेन्द्र सक्सेना (50) निवासी कल्याण नगर, बदायूं, अरविंद (26) निवासी मानकपुर बदायूं, अरविंद किशोर भारती (21) निवासी गांव पनवाड़ी जनपद बदायूं, रामकुमार कौशिक (50) निवासी मंगल बाजार डिबाई, परिचालक फिरोज आलम (37) निवासी राधना इनायतपुर मेरठ, यशपाल कुमार (21) निवासी परिहावली थाना रामघाट, सौरभ गुप्ता (34) निवासी सहसवान जनपद बदायूं, किशनपाल (28) निवासी कादरपुर थाना धनारी को एम्बुलेंस से डिबाई सीएचसी पहुंचाया गया। जिनमें से कुछ को प्राथमिक चिकित्सा के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा तीन अन्य घायल लवेश कुमार (34), सूरजमुखी (50) व राजपाल (50) निवासी नरौरा को परमाणु बिजलीघर चिकित्सालय में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।