बुलंदशहर। गुलावठी थाना पुलिस ने दस टायरा ट्रक से चंडीगढ़ से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही करीब 25 लाख रूपये कीमत की तस्करी कर ले जाई जा रही शराब बरामद की है। यह शराब ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गुलावठी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सचिन मलिक ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि शराब की तस्करी कर ़हापुड-बुलंदशहर मार्ग होते हुए बिहार ले जाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर ग्राम मिट्ठेपुर के निकट बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान हापुड़ की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस ने उसकी घेराबंदी शुरू कर दी और कुछ ही दूरी पर ट्रक को रोक लिया। साथ ही चेकिंग के दौरान ट्रक में शराब बरामद हुई, जोकि लकड़ी के बुरादे की बोरियों के बीच में छिपाकर रखी हुई थी। पुलिस ने ट्रक में सवार चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त चुन्नु निवासी ग्राम हत्था कत्यान थाना पीहर जिला मुजफ्फरपुर बिहार और गणेशी निवासी ग्राम हत्था डिटोला थाना पीहर जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई। ट्रक से 447 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसमें 39 पेटी वोदका की भी शामिल हैं। जिसकी कीमत करीब 25 लाख रूपये आंकी जा रही हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह शराब चड़ीगढ़ से तस्करी कर बिहार ले जा रहे थे। कोतवाल सचिन मलिक ने बताया कि आरोपियों के पास से एक फर्जी बिल्टी भी मिली है। बिल्टी की भी जांच की जा रही है। साथ ही दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।