बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर बाइक बोट के मुखिया संजय भाटी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है। इस बार एक पीडि़त ने संजय भाटी पर 5.59 लाख रुपये हड़पने ओर मांगने पर न देने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी धर्मपाल पुत्र कालीचरन ने बीते दिनों एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा था। जिसमें उसने बताया था कि अगस्त 2018 में गौतमबुद्धनगर के दनकौर थाना क्षेत्र के गांव चिटी निवासी संजय भाटी की बाइक बोट कंपनी में उसने 5.59 लाख रुपये इंवेस्ट किया था। शुरूआत में कुछ समय तक तो सब ठीक रहा। लेकिन, बाद में उसके पैसे आने बंद हो गए। पहले तो उसकी रकम वापस किए जाने की बात कही जाती रही। लेकिन, बाद में उसकी रकम वापस करने से इंकार कर दिया गया। पीडि़त ने मामले में एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। जिस पर एसएसपी ने नगर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नगर कोतवाली पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जेल में बंद है संजय भाटी, पूर्व में भी हुए थे मामले दर्ज
जनपद में संजय भाटी की कंपनी बाइक बोट में रुपये लगाने और रकम वापस न आने का यह पहला मामला नहीं है। जनपद के सैकड़ों लोगों ने उक्त कंपनी में पैसा इंवेस्ट किया था। लेकिन, बाद में धोखाधड़ी की जानकारी होने पर नगर कोतवाली, देहात कोतवाली में भी संजय भाटी के खिलाफ पूर्व में कई मामले दर्ज हो चुके हैं। वर्तमान में संजय भाटी नोएडा की जेल में बंद है।
विभिन्न जांच एजेंसियां कर रही हैं जांच
बाइक बोट के माध्यम से हुए हजारों करोड़ के घोटाले की जांच विभिन्न जांच एजेंसियां कर रही है। जनपद में दर्ज हुए पूर्व के मामलों की जांच भी उक्त एजेंसियों के पास जा चुकी हैं। वहीं, अब इस मामले की जांच भी उन्हीं एजेंसी पर जाने की संभावना है।
कोट
मामले में एसएसपी के आदेश पर बाइक बोट के मालिक संजय भाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। - अखिलेश कुमार त्रिपाठी, नगर कोतवाल