एमएमएच डिग्री कॉलेज में एलएलबी की सीटें बहाली की मांग को लेकर भारतीय क्रांतिकारी समिति ने कचहरी में चलाया हस्ताक्षर अभियान
- फोटो : Amar Ujala
सबहेडः सोमवार को हाईकोर्ट में विश्वविद्यालय की ओर से कोई नहीं पहुंचा, हाईकोर्ट ने दी अगली तिथि, 27 को निकल सकता है समाधान
- भारतीय क्रांतिकारी समिति ने कचहरी में चलाया हस्ताक्षर अभियान, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य से की मुलाकात, छात्रसभा ने कॉलेज परिसर में दिया धरना
माई सिटी रिपोर्टर
गाज़ियाबाद। एमएमएच डिग्री कॉलेज में एलएलबी सीटें बहाली को लेकर जल्द कोई समाधान निकल सकता है। सीसीएसयू की ओर से रद्द की गई एलएलबी की 220 सीटों के खिलाफ एमएमएच डिग्री कॉलेज ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले में हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई तो हुई, लेकिन सीसीएसयू की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचने के कारण हाईकोर्ट ने मामले में 27 जनवरी को अगली तिथि दी है। ऐसे में आगामी बुधवार को एलएलबी प्रकरण में समाधान होने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
मामले में भारतीय क्रांतिकारी समिति ने कचहरी में हस्ताक्षर अभियान चलाया। दूसरी ओर अन्य छात्र संगठनों ने कॉलेज पहुंचकर कॉलेज प्राचार्य के सामने मामला उठाया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमके जैन ने कहा कि एलएलबी प्रकरण में कॉलेज की याचिका पर सोमवार को सुनवाई थी। सुनवाई में विश्वविद्यालय की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा। ऐसे में हाईकोर्ट ने अब सुनवाई की 27 जनवरी तिथि दी है। मामले में हाईकोर्ट का जो भी निर्देश आएगा उसका पालन किया जाएगा। कॉलेज को 2016 के बाद से बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से निर्धारित फीस जमा में कोई ऐतराज नहीं है। विद्यार्थियों के हित में जो भी कदम होंगे, कॉलेज प्रशासन वह उठाने को तैयार है।
-----------------------
भारतीय क्रांतिकारी समिति ने कचहरी में चलाया हस्ताक्षर अभियानः
छात्र संगठन भारतीय क्रांतिकारी समिति की ओर से एलएलबी की सीटें बहाली की मांग को लेकर कचहरी में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कचहरी में बड़ी संख्या में वकीलों ने अभियान का समर्थन करते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया को पत्र लिखने की बात कही। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गांधी ने बताया कि एलएलबी की सीटें बहाली की मांग को लेकर विश्वविद्यालय से लेकर शासन स्तर तक आवाज उठाई गई है। हस्ताक्षर अभियान में अधिकांश वकीलों ने मुहिम को समर्थन दिया है। महानगर के साथ अन्य जिलों की बार से समर्थन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जल्द सफलता मिलने के साथ दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी।
------------------
सीटें बहाली को लेकर एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन से लेने लिए दस्तावेजः
एलएलबी की सीटें बहाली को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से विश्वविद्यालय से शासन स्तर तक कवायद की जा रही है। मामले की पुरजोर तरीके से पैरवी के लिए सोमवार को परिषद कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डॉ. एमके जैन से मुलाकात कर बार काउंसिल व मान्यता संबंधी सभी दस्तावेज लिए। महानगर मंत्री संदीप ठाकुर ने बताया कि कॉलेज और परिषद मिलकर पहले विश्वविद्यालय और प्रशासन में मामला उठाएंगे। एलएलबी में जल्द से जल्द दाखिला प्रक्रिया शुरू कराने के प्रयास जारी हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य काजल त्यागी, अंशु दुबे, अमन कौशिक, साक्षी त्यागी, उदयन प्रभात, दीपक गोस्वामी, सुमित चौहान सहित आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज में दिया धरनाः
समाजवादी छात्र सभा की ओर से एलएलबी की सीटें बहाली की मांग को लेकर सोमवार को एमएमएच डिग्री कॉलेज में धरना दिया गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमन नागर व छात्र नेता रोहित सिंह बैसोया ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने मामले में जल्द समाधान होने का आश्वासन दिया है। समस्या का निदान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
----------------