सबहेड: 297 आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंड की नीलामी आज
- सामुदायिक केंद्रों को नीलामी के जरिए दिया जाएगा लीज पर, सुधरेगी सामुदायिक केंद्रों की दशा
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जीडीए की विभिन्न योजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंडों को खरीदने का शहरवासियों के पास सुनहरा मौका है। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं में पांच सामुदायिक केंद्रों को 10 साल की लीज पर हासिल किया जा सकता है। प्राधिकरण की ओर से विभिन्न योजनाओं के 297 भूखंडों की शुक्रवार को हिंदी भवन में नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। नीलामी में बोली लगाकर लोग प्राधिकरण के भूखंड खरीदने के साथ सामुदायिक केंद्रों को 10 साल की लीज पर ले सकेंगे।
जीडीए की लगातार चल रही नीलामी प्रक्रिया में लोग बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं। कोरोना काल में जीडीए को आवासीय के साथ व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंडों के बड़ी संख्या में खरीदार मिले हैं। इससे जीडीए को 300 करोड़ से अधिक की आय हुई है। शुक्रवार को होने वाली नीलामी प्रक्रिया में विभिन्न योजनाओं में बने पांच सामुदायिक केंद्रों को शामिल किया गया है। इसमें इंदिरापुरम के अभयखंड तीन, विवेकानंद नगर, लाजपतनगर एफ ब्लॉक और मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के पॉकेट एफ और ई के सामुदायिक केंद्र शामिल हैं। इन सामुदायिक केंद्रों का क्षेत्रफल 1234.63 वर्ग मीटर से 2957 वर्ग मीटर तक है। लीज पर सामुदायिक केंद्र आवंटित होने के बाद आवंटी को क्षेत्रफल और योजना के अनुसार किराया जीडीए को जमा करना होगा। सामुदायिक केंद्र में लोगों से लिया जाने वाला किराया भी प्राधिकरण की ओर से तय किया जाएगा। किराया में लीज हासिल करने वाले का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।
-------
इन योजनाओं में भूखंड खरीदने का मौका:
लोहियानगर के हिंदीभवन में होने वाली नीलामी प्रक्रिया में छोटे-बड़े 297 भूखंडों का शामिल किया गया है। नीलामी में मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में 158 औद्योगिक, व्यवसायिक व आवासीय भूखंड, इंद्रप्रस्थ आवासीय योजना, नंदग्राम योजना, गोविंदपुरम योजना, कोयल एन्क्लेव, प्रताप विहार, पटेलनगर, नवयुग मार्केट आदि क्षेत्रों में व्यावसायिक और आवासीय भूखंड शामिल हैं। वहीं नीलामी में पेट्रोल पंप, अस्पताल, नर्सिंग होम, कियोस्क, आर्ट गैलरी, ग्रुप हाउसिंग सहित अन्य भूखंड शामिल हैं।
-----
कोट...
प्राधिकरण की आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया में लोगों का रुझान देखने को मिल रहा है। ऐसे में शुक्रवार को नीलामी प्रक्रिया में प्राधिकरण की संपत्त्ति खरीदने का अवसर है। -- संतोष कुमार राय, सचिव, जीडीए
------