विद्युत समाधान शिविर में घटी उपभोक्ताओं की संख्या
- बढ़ती सर्दी के चलते कम ही पहुंच रहे हैं उपभोक्ता
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। विद्युत निगम के समाधान शिविरों से उपभोक्ता गायब हो गए हैं। बढ़ती सर्दी और कोहरे की मार इन शिविरों पर भी दिख रही है। रविवार को अधिकांश बिजलीघरों पर लगे शिविर में कम ही उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि निगम अपनी ओर से उपभोक्ताओं की शिकायतों को निपटाने के कार्य कर रहा है। इसके लिए उपभोक्ताओं को जागरूक भी किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान के लिए हर माह के प्रथम व तृतीय शनिवार व रविवार को विद्युत समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। हर बार शिविर में हजार से डेढ हजार शिकायतें विभाग को मिलती हैं। पिछले दिनों बारिश और अब सर्दी के चलते उपभोक्ता कम संख्या में शिविर में आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को को जनपद के 106 उपकेंद्रों में से करीब 46 पर शिविर लगाए गए, जिसमें कुल 250 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निवारण कराया। मुख्य अभियंता आरके राणा ने बताया कि निगम का प्रयास है कि उपभोक्ताओं की शत प्रतिशत शिकायतों, समस्याओं का समाधान किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौसम के चलते कम ही उपभोक्ता पहुंच रहे हैं लेकिन शिविर लगातार लगाए जाने के निर्देश सभी खंडों को दिए गए हैं।