एलएलबी दाखिले की बहाली को लेकर छात्र संगठन एकजुट
- संयुक्त छात्र संघ संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार से यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
गाजियाबाद। एमएमएच कॉलेज में एलबीबी के 220 दाखिले निरस्त होने के मामले में महाविद्यालय के छात्रों का विरोध जोर पकड़ेगा। संयुक्त छात्र संघ संघर्ष समिति बनाकर कई छात्र संगठन विरोध में एकजुट हो गए हैं। समिति सोमवार से दाखिलों की बहाली की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।
शनिवार को संयुक्त छात्र संघ संघर्ष समिति के बैनर तले अलग-अलग संगठनों के छात्र नेताओं ने मामले को लेकर महाविद्यालय में बैठक की। छात्र नेता रोहित सिंह बैसोया ने बताया कि एमएमएच में छात्र छात्राओं को कम खर्च पर बेहतर शिक्षा मिल रही है। इसे निजी संस्थान चला रहे भाजपा के स्थानीय नेता देख नहीं पा रहे हैं। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमन नागर ने बताया कि निरस्त दाखिलों की बहाली के लिए सोमवार से छात्र आंदोलन करेंगे। इसमें सभी संगठन मिलकर आंदोलन की तैयारी करेंगे। क्योंकि यह सीधे तौर पर निजी लॉ कॉलेजों को लाभ पहुंचें का मामला है जिसमें विवि के कुछ लोग भी शामिल हैं। उधर, छात्रों ने जिला बार एसोसिएशन से भी इस मामले में सहयोग मांगा हक़। बैठक में आम आदमी पार्टी की छात्र विंग सीवाईएसएस, एनएसयूआई, समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अक्षय आर्य, नाजिम चौधरी, शेखर चौधरी, विपिन चौधरी, सतीश पहलवान, मुकेश कुमार, कुलदीप, विकास डाबरा, प्रियंका दीप्ति, दिव्या आदि मौजूद रहे।
- भारतीय क्रांतिकारी समिति सीएम को देगी ज्ञापन
एमएमएच कॉलेज में एल एल एल पाठ्यक्रम शुरू करने को लेकर वर्षों से संघर्षरत भारतीय क्रांतिकारी समिति एलएलबी पाठ्यक्रम अचानक बंद करने को लेकर मुख्यमंत्री व विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन देगी। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गांधी ने बताया कि निम्न व मध्यम वर्गीय छात्रों के लिए शहर में एमएमएच कॉलेज ही एकमात्र संस्थान है। ऐसे में यहां पर सीटें और पाठ्यक्रम बढ़ाने की बजाय खत्म किया जा रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। कॉलेज में सीटों की बहाली को लेकर समिति हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी।