सबहेडः योजना को परवान चढ़ाने को शासन से शुरू हुआ पत्राचार, सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी क्षेत्र में टॉय ट्रेन का होना है संचालन
- रेलवे की संस्था सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन फॉर मॉडर्नाइजेशन ऑफ वर्कशॉप ने सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के रूट का किया था सर्वे
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सिटी फॉरेस्ट में मॉडर्न टॉय ट्रेन के संचालन की दिशा में कवायद शुरू हो गई है। टॉय ट्रेन प्रोजेक्ट के जरिए लोग सिटी फॉरेस्ट में प्रकृति के मनोरम दृश्य का आनंद ले सकेंगे। सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के संचालन के बाबत शासन स्तर से पत्राचार शुरू हो गया है। टॉय ट्रेन को लगाने और एक साल तक संचालन करने वाली रेलवे की संस्था सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन फॉर मॉडर्नाइजेशन ऑफ वर्कशॉप (कॉफमोव) ने सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के रूट का निर्धारण कर चुकी है।
आने वाले दिनों में सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी क्षेत्र में टॉय ट्रेन के संचालन को लेकर प्रगति ओर तेज होगी। टॉय ट्रेन से 125 एकड़ में फैले सिटी फॉरेस्ट और हिंडन नदी का दीदार किया जा सकेगा। रेलवे की संस्था कॉफमोव की ओर से सिटी फॉरेस्ट के किन-किन पॉकेट से होकर टॉय ट्रेन का संचालन होना है, उसके रूट को निर्धारित कर दिया है। टॉय ट्रेन प्रदेश के गाजियाबाद सहित लखनऊ, आगरा और कानपुर में चलेगी। कॉफमोव ने प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कर शासन को सौंप दी है। गाजियाबाद से पहले कॉफमोव की टीम लखनऊ के जनेश्वर पार्क में रूट का निर्धारण कर चुकी है। कोरोना काल के बाद नए साल में शासन स्तर से भी प्रोजेक्ट को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रोजेक्ट के बाबत शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
----------------------