सबहेडः मामले में जांच हुई तेज, जांच अधिकारी ने कब्जे में ली सिटी जोन द्वारा भेजे गए नोटिसों की पत्रावली
- मामले में टैक्स विभाग के कई कर्मचारियों पर कार्रवाई की लटकी तलवार
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। गलत वार्ड नंबर डालकर मेरठ रोड गुलधर क्षेत्र से सटी फैक्ट्रियों में सिटी जोन द्वारा भेजे गए नोटिस के मामले में दोषी कर्मचारियों पर गाज गिरना तय है। मामले में नगर निगम की जांच तेज हो गई है। जांच अधिकारी ने सिटी जोन द्वारा भेजे गए नोटिसों की पत्रावली को अपने कब्जे में ले लिया है। दूसरी और मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर संबंधित बाबू से सात दिन में अपना जवाब देने को कहा गया है।
हाउस टैक्स विभाग में हुए घोटाले की जांच की खुद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। नगर आयुक्त ने जांच अधिकारी कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा को जांच के बाबत निर्देश दिए हैं। कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि गुलधर से लेकर मैनापुर के आसपास तक की फैक्ट्रियों में सिटी और कविनगर जोन की ओर से हाउस टैक्स नोटिस दिए गए। यह पूरा क्षेत्र कविनगर जोन में होने के बावजूद सिटी जोन की ओर से हाउस टैक्स बिल बांटे गए। मामले में विवाद बढ़ने के बाद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने जांच के आदेश दिए हैं।
मामले में जांच तेज करते हुए शुक्रवार को कर निर्धारण अधिकारी ने सिटी जोन से इस मामले से जुड़ी पत्रावली अपने कब्जे में ले ली है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पत्रावली में वार्ड नंबर 46 कविनगर जोन में आता है, लेकिन उससे करीब आठ किलोमीटर दूर हरवंश नगर और वार्ड नंबर 28 डालकर हाउस टैक्स बिल सिटी जोन की ओर से फैक्ट्रियों को जारी किए गए। पत्रावलिओं की जांच में इस बात की पुष्टि हो गई है। इसी के बाद मामले में टैक्स विभाग के कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले में नगर निगम टैक्स विभाग के कई कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है।
----------------