ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद व्यापारी
- फोटो : Amar Ujala
फोटो सहित
---
साप्ताहिक बाजार पर फिर रार, विरोध में व्यापारी
- राष्ट्रीय उद्योग एवं व्यापार मंच ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। नवयुग मार्केट से शिफ्ट होकर गंदे नाले वाली रोड पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर फिर रार शुरू हो गई है। इसके विरोध में राष्ट्रीय उद्योग एवं व्यापार मंच ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि साप्ताहिक बाजार में नियमों की अनदेखी से कोरोना संक्रमण का भी खतरा बढ़ा है। इसके अलावा व्यापारियों को भी असुविधा हो रही है।
जिलाध्यक्ष उदयन गर्ग ने बताया कि जिला प्रशासन के अथक प्रयासों से जिले में कोरोना अब कुछ नियंत्रण की स्थिति में है लेकिन अभी भी पूरी सावधानी की जरूरत है। उन्होंने बताया कि टाउन हॉल के सामने गंदा नाला रोड है, जहां हर रविवार को साप्ताहिक बाजार लग रहा है। इससे पहले यह बाजार नवयुग मार्केट में लगता था। महानगर अध्यक्ष प्रवीन शमा साप्ताहिक बाजार लगने वाली सड़क पुराने शहर को जिला एमएमजी अस्पताल से जोड़ने का भी कार्य करती है। बाजार लगने के कारण आपातकाल की स्थिति में अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल है। इसके अलावा बाजार में नियमों की अनदेखी होने से कोरोना के फैलने का डर भी बना हुआ है। अधिकांश विक्रेता और ग्राहक बाजार में बिना मास्क के होते हैं और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का तो सवाल ही नहीं उठता है। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में व्यापारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर राजीव शर्मा, गौरव गर्ग, कुंजबिहारी शर्मा, इशांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।
---